
गढ़पुरा (बेगूसराय): गढ़पुरा थाना क्षेत्र के सोनमा वार्ड संख्या-9 में आपसी रंजिश और लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर एक 25 वर्षीय युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान स्वर्गीय शंकर महतो के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे चंदन कुमार अपने घर के पास मौजूद था। इसी दौरान पहले से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर विरोधी पक्ष के लोगों ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
हमलावरों ने चाकू से कई वार किए, जिससे चंदन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में आक्रोश फैल गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और गुस्से में आकर शव को सड़क पर रखकर गढ़पुरा-बखरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलने पर बखरी एसडीपीओ कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले में त्वरित कार्रवाई तथा दोषियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। करीब साढ़े नौ बजे स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।
इसके बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था फिर से बहाल कर दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
हिरासत में लिए गए लोगों में मुख्य आरोपी राजीव कुमार की पत्नी, मां और उसका छोटा भाई अभिषेक कुमार शामिल हैं। वहीं मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पहले भी हुआ था हमला
ग्रामीणों के अनुसार, चंदन कुमार और गोतिया पक्ष के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि करीब 15 दिन पहले भी चंदन के साथ मारपीट की घटना हुई थी।
उस समय वह खेत से मकई का ठठेर लेकर घर लौट रहा था। इस घटना के बाद मृतक की मां ने थाना में आवेदन देकर बेटे की जान को खतरा होने की आशंका जताई थी।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस ने पहले की शिकायत पर गंभीरता दिखाई होती, तो आज यह घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




