Home / Crime / बिहार में निगरानी की बड़ी कार्रवाई,3 रिश्वतखोर सरकारी कर्मी गिरफ्तार

बिहार में निगरानी की बड़ी कार्रवाई,3 रिश्वतखोर सरकारी कर्मी गिरफ्तार

पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में तीन सरकारी कर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जहानाबाद, शेखपुरा और पटना में हुई इन कार्रवाइयों में कुल 45 हजार रुपये की रिश्वत बरामद की गई।निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तीनों मामलों में शिकायत मिलने के बाद उसका सत्यापन कराया गया। आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद ट्रैप टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

जहानाबाद में मनरेगा के कनीय अभियंता गिरफ्तार

पहली कार्रवाई जहानाबाद में हुई। निगरानी ब्यूरो की टीम ने मनरेगा, प्रखंड सदर, जहानाबाद में तैनात कनीय अभियंता अमन कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।आरोप है कि ग्राम पंचायत जामुक में मनरेगा के तहत करीब 6.77 लाख रुपये की लागत वाली तीन योजनाओं का काम पूरा होने के बाद मापी पुस्तिका के सत्यापन के एवज में 3 प्रतिशत रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद अंबेडकर चौक के पास स्थित एक ढाबे से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

शेखपुरा परिवहन कार्यालय का रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई शेखपुरा जिला परिवहन कार्यालय में हुई। यहां निगरानी टीम ने निम्नवर्गीय लिपिक कुणाल कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।शिकायत के अनुसार, कृषि ट्रैक्टर का बिहार नंबर प्राप्त करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी टीम ने जिला परिवहन कार्यालय के वरीय लिपिक कक्ष से आरोपी को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।

पटना में रिश्वत लेते दारोगा गिरफ्तार

तीसरी कार्रवाई पटना में हुई। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने जेपी गंगा पथ यातायात थाना, गांधी मैदान में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक उपेन्द्र साह को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।आरोप है कि कब्जे में रखे गए एक वाहन को छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने कार्रवाई करते हुए यातायात थाना के सिरिस्ता कक्ष से आरोपी को गिरफ्तार किया।

2026 में अब तक 99 गिरफ्तार,36 लाख 58 हजार 800 रुपये की राशि बरामद

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, भ्रष्टाचार के खिलाफ साल 2026 में यह 105वीं, 106वीं और 107वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। ट्रैप से संबंधित मामलों में अब तक कुल 99 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है।इन मामलों में रिश्वत की कुल 36 लाख 58 हजार 800 रुपये की राशि बरामद की गई है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *