Home / Uncategorized / बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा, NH-31 पर दो स्कॉर्पियो टकराईं, तीन युवकों की मौत

बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा, NH-31 पर दो स्कॉर्पियो टकराईं, तीन युवकों की मौत

बेगूसराय: जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा अंग्रेजी ढाला के समीप दो स्कॉर्पियो वाहनों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

सिमरिया गंगा स्नान के लिए निकले थे छह दोस्त

मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया वार्ड संख्या-37 निवासी हिमांशु कुमार, सनी कुमार और ऋषभ कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पोखरिया से छह युवक एक स्कॉर्पियो पर सवार होकर सिमरिया गंगा घाट स्नान के लिए जा रहे थे। गंगा स्नान के बाद सभी दोस्तों ने जन्मदिन मनाने की भी योजना बनाई थी। लेकिन रास्ते में अंग्रेजी ढाला के पास सामने से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो से उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में उसी स्कॉर्पियो पर सवार रूपेश कुमार, करण कुमार और रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।बारात लेकर जा रही थी दूसरी स्कॉर्पियो

जानकारी के अनुसार, दूसरी स्कॉर्पियो बखरी थाना क्षेत्र से बारात लेकर विनोदपुर जा रही थी। इस वाहन में सवार विकास कुमार, राजा कुमार, प्रियांशु कुमार, लक्ष्मण कुमार, प्रिंस कुमार और ज्योतिष कुमार समेत आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने बचाई कई जिंदगियां

हादसे के बाद दोनों वाहनों में सवार कई लोग अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। सूचना मिलते ही सिंघौल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।मातम में बदली खुशियां

तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही पोखरिया वार्ड संख्या-37 में मातम छा गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस यात्रा की शुरुआत गंगा स्नान और जन्मदिन के जश्न के लिए हुई थी, वह कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। वहीं, दूसरी ओर बारात लेकर जा रहे लोगों के हादसे का शिकार होने से शादी की खुशियां भी गम में बदल गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *