Home / Uncategorized / बेगूसराय में अप्रैल माह में ₹2.40 करोड़ से अधिक जुर्माना वसूली, सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त

बेगूसराय में अप्रैल माह में ₹2.40 करोड़ से अधिक जुर्माना वसूली, सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त

बेगूसराय:- जिले में सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध अप्रैल 2026 में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल ₹2.40 करोड़ से अधिक की शमन राशि वसूली गई। यह जानकारी जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दी गई।बैठक में बताया गया कि जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षकों एवं प्रवर्तन अवर निरीक्षकों द्वारा हेलमेट, सीट बेल्ट, प्रदूषण, फिटनेस एवं ओवरलोडिंग जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल ₹1,40,55,633 की शमन राशि वसूली गई। वहीं यातायात पुलिस एवं विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान ₹99,53,080 का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार अप्रैल माह में कुल ₹2.40 करोड़ से अधिक की राशि वसूल की गई।

डीएम ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए, नियम उल्लंघन पर तेज हुई कार्रवाई

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि “सड़क सुरक्षा हमारी प्रतिबद्धता और बेहतर प्रशासन हमारा संकल्प है।” उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।बैठक में वर्ष 2025 एवं 2026 के सड़क दुर्घटना आंकड़ों की भी समीक्षा की गई। वर्ष 2026 में अप्रैल माह तक राष्ट्रीय एवं राज्य उच्च पथों पर कुल 117 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 110 लोगों की मृत्यु तथा 75 लोग घायल हुए। जिलाधिकारी ने दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉटों पर त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई, बेहतर साइनेज, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा उपायों को मजबूत करने का निर्देश दिया।

सड़क दुर्घटना पीड़ितों के नकदी रहित उपचार योजना, 2025 के तहत घायल व्यक्तियों के इलाज हेतु ₹1.50 लाख तक की राशि संबंधित अस्पतालों को उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। जिले में इस योजना के अंतर्गत 44 अस्पतालों को संबद्ध किया जा चुका है।

गुड समेरिटन’ योजना की समीक्षा

बैठक में ‘गुड समेरिटन’ योजना की भी समीक्षा की गई। दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने वाले नेक नागरिकों को ₹25,000 तक की प्रोत्साहन राशि दिए जाने के प्रावधान की जानकारी देते हुए सभी थानों को इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया।

इसके अतिरिक्त जिले में जाम, अतिक्रमण एवं सड़क निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। NH-31 एवं NH-55 के विभिन्न हिस्सों में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साइनेज एवं नियमित जल छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *