Home / Business / बेगूसराय मे 21 अगस्त को होगा तेजस कार्यक्रम,स्टार्टअप और उद्यमियों को मिलेगा मार्गदर्शन

बेगूसराय मे 21 अगस्त को होगा तेजस कार्यक्रम,स्टार्टअप और उद्यमियों को मिलेगा मार्गदर्शन

बेगूसराय :- जिले में नवाचार, उद्यमशीलता एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 अगस्त 2026 को ‘TEJAS’ (Transforming Entrepreneurial Journeys Across States & Districts) कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के अंतर्गत ‘स्टार्टअप इंडिया’ एवं ‘स्टार्टअप बिहार’ की संयुक्त पहल के तहत आयोजित यह क्षमता संवर्धन कार्यक्रम देश के 132 चयनित जिलों तथा बिहार के 13 आकांक्षी जिलों में आयोजित किया जा रहा है।

जिले में यह राज्यस्तरीय फ्लैगशिप कार्यक्रम राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में 21 अगस्त 2026 को प्रातः 10:00 बजे से आयोजित होगा।कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में इच्छुक उद्यमियों, नवप्रवर्तकों, स्टार्टअप्स एवं छात्रों की पहचान कर उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही स्टार्टअप्स को मेंटरिंग, इन्क्यूबेशन सहयोग तथा सीड फंडिंग एवं बैंक लिंकेज सहित वित्तीय संसाधनों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों एवं नवाचारियों द्वारा अपने उत्कृष्ट उत्पादों एवं सेवाओं की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे प्रतिभागियों को स्थानीय स्तर पर विकसित नवाचारों एवं उद्यमों को समझने का अवसर मिलेगा।

इस कार्यक्रम में जिले के नए एवं अनुभवी उद्यमी, स्टार्टअप फाउंडर्स, तकनीकी एवं विभिन्न कॉलेजों के छात्र, प्रमुख बैंकर्स, विभागीय अधिकारी तथा स्थानीय विषय विशेषज्ञ भाग लेंगे।महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, बेगूसराय ने जिले के सभी इच्छुक युवाओं, स्टार्टअप्स, नवप्रवर्तकों एवं उद्यमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *