Home / Health / Begusarai News: अन्नप्राशन दिवस पर 90 कन्या शिशु सम्मानित

Begusarai News: अन्नप्राशन दिवस पर 90 कन्या शिशु सम्मानित

बेगूसराय। जिले में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और समुचित वृद्धि-विकास के साथ-साथ बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को सभी बाल विकास परियोजनाओं के अंतर्गत अन्नप्राशन दिवस का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत संचालित ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर ‘बेटी जन्मोत्सव’ और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

अन्नप्राशन दिवस पर आयोजित हुआ पोषण उत्सव

नगर निगम क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-69, विष्णुपुर में अन्नप्राशन दिवस सह पोषण उत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उप मेयर श्रीमती अनीता राय, स्थानीय वार्ड पार्षद एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रंजना कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। आंगनवाड़ी केंद्र को रंगोली, गुब्बारों और फूलों से सजाया गया था। महिलाओं ने पारंपरिक सोहर एवं पोषण जागरूकता गीत प्रस्तुत किए।इस अवसर पर बालिकाओं का विशेष अन्नप्राशन कराया गया और उन्हें उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मेयर अनीता राय ने कहा कि छह माह की आयु पूरी होने के बाद शिशुओं को मां के दूध के साथ पूरक आहार देना उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सुपोषित बच्चे ही स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव रखते हैं।

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बेटी जन्मोत्सव

जिले की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत ‘बेटी जन्मोत्सव’ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। तेघड़ा अनुमंडल अस्पताल और बरौनी प्रखंड अस्पताल में भी बेटी जन्मोत्सव मनाया गया। यहां लाभार्थी कन्या शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया और उन्हें वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। उनकी माताओं को फलों की टोकरी एवं बधाई संदेश कार्ड प्रदान किए गए।

90 कन्या शिशुओं को ड्रेस देकर किया गया सम्मानित

जिले में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कुल 90 कन्या शिशुओं को ड्रेस तथा उनकी माताओं को बधाई संदेश कार्ड एवं फलों की टोकरी देकर सम्मानित किया गया।मंसूरचक बाल विकास परियोजना के अंतर्गत भी अन्नप्राशन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, रमदिरि-4 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-3 पर सामूहिक अन्नप्राशन कार्यक्रम हुआ।

बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का दिया संदेश

इस दौरान अभिभावकों को बच्चों के उचित पोषण, स्वास्थ्य एवं समुचित वृद्धि-विकास के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रमों के माध्यम से माताओं और अभिभावकों को बाल पोषण, बच्चों की देखभाल, बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा तथा बेटा-बेटी में समानता का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ बचपन और शिक्षित बेटियां ही सशक्त एवं समृद्ध समाज की मजबूत नींव हैं।

कार्यक्रम मे यह रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. अनुजा कुमारी, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक वीणा कुमारी, परामर्शी स्वीटी कुमारी, केस वर्कर मणिभूषण मिश्रा, डीएचईडब्ल्यू के जिला मिशन समन्वयक राजकुमार सिन्हा सहित संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, प्रखंड समन्वयक, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, चिकित्सक, लाभार्थी बच्चे एवं उनकी माताएं उपस्थित रहीं। तकनीकी सहयोगी संस्था पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।सामुदायिक सहभागिता के साथ आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में पोषण, स्वास्थ्य, बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *