Home / Uncategorized / बेगूसराय में 25 अगस्त से शुरू होगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 30 दिनों में होगा समस्याओं का समाधान

बेगूसराय में 25 अगस्त से शुरू होगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, 30 दिनों में होगा समस्याओं का समाधान

बेगूसराय। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘सात निश्चय-3’ के तहत विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं आधारभूत समस्याओं के त्वरित समाधान और शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार के उद्देश्य से बेगूसराय जिले में “विद्यार्थी सहयोग शिविर” का आयोजन शुरू किया जाएगा।जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री के निर्देशानुसार जिले के सभी अंगीभूत एवं राजकीय महाविद्यालयों, अभियंत्रण महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक कॉलेज, एएनएम स्कूलों, कल्याण छात्रावासों, राजकीय आईटीआई संस्थानों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में 25 अगस्त 2026 से विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।

विद्यार्थियों की समस्याओं का होगा समाधान

विद्यार्थी सहयोग शिविर में विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक, आधारभूत, छात्रावास, संस्थागत एवं अन्य समस्याओं को संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। प्राप्त शिकायतों को पंजीकृत किया जाएगा और उनका अंतिम एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।इसके साथ ही विद्यार्थियों से प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों को जिले की शिक्षा व्यवस्था और संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं के गुणात्मक विकास के लिए उपयोगी इनपुट के रूप में शामिल किया जाएगा।

इन प्रमुख संस्थानों में लगेगा शिविर

जिले के विभिन्न अंगीभूत एवं राजकीय डिग्री कॉलेजों में जीडी कॉलेज बेगूसराय, एसबीएसएस कॉलेज, एसके महिला कॉलेज, आरसीएस कॉलेज मंझौल, एपीएसएम कॉलेज बरौनी सहित मटिहानी, वीरपुर, बछवाड़ा, मंसूरचक, साहेबपुर कमाल, डंडारी, खोदावंदपुर, छौड़ाही, गढ़पुरा और नावकोठी के राजकीय डिग्री कॉलेजों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।अभियंत्रण एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर अभियंत्रण महाविद्यालय, बेगूसराय तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, बेगूसराय में शिविर लगाया जाएगा।इसके अलावा विभिन्न एएनएम स्कूलों, कल्याण छात्रावासों, राजकीय आईटीआई संस्थानों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के निर्धारित स्थलों पर भी विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिकायतों की होगी नियमित निगरानी

शिविर में प्राप्त शिकायतों और सुझावों के निष्पादन की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जाएगा। इसके लिए जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA), बेगूसराय में जिला स्तरीय नियंत्रण कोषांग स्थापित किया गया है।जिला प्रशासन ने संबंधित संस्थानों एवं पदाधिकारियों को शिविर का नियमित और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने तथा प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश दिया है।शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की पहलजिला प्रशासन के अनुसार विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ-साथ उनकी सहभागिता से जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *