बेगूसराय:अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को बेगूसराय के कंकौल स्थित प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी में भव्य सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास निगम, कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने की। इस अवसर पर नगर विधायक कुंदन कुमार, बेगूसराय की महापौर पिंकी देवी, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि, वरीय पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला समूहों की प्रतिनिधियाँ और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएँ व छात्राएँ मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि गिरिराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएँ चला रही है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ उनके अधिकार, समान अवसर और गरिमा सुनिश्चित करने का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रहा है। स्वयं सहायता समूहों, बालिका शिक्षा, पोषण, कौशल विकास और महिला उद्यमिता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर शिक्षा, सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य, उद्यमिता समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए अन्य महिलाओं को भी समाज के विकास में आगे आने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों, छात्राओं और महिला समूहों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।कार्यक्रम के अंत में समाज में महिलाओं के सम्मान, समानता और अधिकारों के प्रति व्यापक जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम के प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएँ और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
बेगूसराय से अमित कुमार


