Home / Bihar / बेगूसराय में छठ घाटों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

बेगूसराय में छठ घाटों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

बेगूसराय(अमित कुमार): लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक मनीष लगातार विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं।इसी क्रम में 5 नवंबर 2026 को डीएम रिची पांडेय ने एसपी मनीष के साथ बलिया अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुंगेर घाट, मल्हीपुर घाट, चेचियाही बांध घाट और चमड़िया घाट सहित अन्य घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरिकेडिंग कराने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसके अलावा आवश्यकतानुसार मेडिकल टीम और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को भी कहा गया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया।

नाव परिचालन में सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश

छठ पर्व के दौरान नावों के परिचालन को लेकर डीएम ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्धारित एसओपी (SOP) का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में नाव की निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को सवार नहीं कराया जाए। नावों पर सुरक्षा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने का भी निर्देश दिया गया।

तेघड़ा अनुमंडल के घाटों का भी हुआ निरीक्षण

इससे पहले 4 नवंबर 2026 की संध्या को डीएम रिची पांडेय और एसपी मनीष ने तेघड़ा अनुमंडल क्षेत्र के बोल्डर घाट, अयोध्या घाट सहित अन्य छठ घाटों का निरीक्षण किया था। इस दौरान साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और घाटों पर जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करें। पर्व के दौरान भी लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया।मौके पर पुलिस अधीक्षक मनीष, अनुमंडल पदाधिकारी बलिया अजय यादव सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *