बेगूसराय: शांति, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के संकल्प के साथ ब्रह्माकुमारीज बलिया सेवाकेंद्र के नए भव्य भवन निर्माण के लिए गुरुवार को भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। बलिया स्थित NH-31, अवध तिरहुत रोड, तिरमुहानी में आयोजित इस कार्यक्रम में आध्यात्मिक वातावरण के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया।कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज संस्था के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू (राजस्थान) से पहुंचे राजयोगी बीके रामश्लोक भाई जी एवं बेगूसराय सेवाकेंद्र की संचालिका बीके कंचन दीदी जी ने अपने शुभ हाथों से भूमि पूजन की प्रक्रिया संपन्न कराई।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने परमात्मा की स्मृति में शांति, प्रेम, सुख और समृद्धि के संकल्प के साथ नए भवन के निर्माण की मंगलकामना की।स्थानीय सेवाकेंद्र की संचालिका बीके विभा बहन ने कार्यक्रम की व्यवस्था संभाली और अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न सेवाकेंद्रों से पहुंचीं बीके कृति, बीके खुशबू, बीके सरिता, बीके नीलम, बीके मंजू एवं बीके ऋचा सहित संस्थान से जुड़े कई सदस्य मौजूद रहे।इस मौके पर बीके कंचन दीदी ने कहा कि प्रस्तावित भवन केवल एक भौतिक संरचना नहीं होगा, बल्कि आध्यात्मिक ज्ञान, राजयोग मेडिटेशन, शांति, निःस्वार्थ प्रेम और नैतिक मूल्यों के प्रसार का केंद्र बनेगा। यहां से बलिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आत्मिक शांति प्राप्त करने तथा जीवन में श्रेष्ठ संस्कार अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।कार्यक्रम में सदानंदपुर के अशोक कुमार सिंह, दीपक कुमार, मुखिया संघ के अध्यक्ष मोहम्मद एहसान, पंकज सिंह, राकेश कुमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए भवन निर्माण कार्य में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि नया सेवाकेंद्र परमपिता परमात्मा शिव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में सुख, शांति एवं पवित्रता का वातावरण स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






