Home / Bihar / बेगूसराय में नकली खाद के कारोबार का भंडाफोड़,700 बोरा अवैध उर्वरक जब्त; 500 बोरा जिंक भी बरामद

बेगूसराय में नकली खाद के कारोबार का भंडाफोड़,700 बोरा अवैध उर्वरक जब्त; 500 बोरा जिंक भी बरामद

बेगूसराय: जिले में नकली एवं अवैध उर्वरक के कारोबार के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार की सुबह साहेबपुर कमाल प्रखंड के हिराटोल एवं रघुनाथपुर करारी इलाके में छापेमारी कर करीब 700 बोरा अवैध उर्वरक जब्त किया गया। मौके से 500 बोरा जिंक, 300 खाली बोरा और उर्वरक निर्माण एवं पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली रंग सहित अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।मिली जानकारी के अनुसार, बेगूसराय-खगड़िया सीमा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के आसपास अवैध रूप से डीएपी, पोटाश सहित अन्य उर्वरकों के निर्माण एवं भंडारण की गुप्त सूचना जिला प्रशासन को मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद कृषि विभाग की टीम ने पुलिस बल और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के साथ संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की।इस अभियान में जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार सहित कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मी शामिल थे। जांच के दौरान संबंधित परिसर में ताला बंद मिला। इसके बाद विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए ताला खुलवाकर परिसर की सघन तलाशी ली गई।

700 बोरा अवैध उर्वरक समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त

छापेमारी के दौरान करीब 700 बोरा अवैध उर्वरक बरामद किया गया। इसके अलावा 5 किलोग्राम के 500 बोरा जिंक, 300 खाली बोरा तथा खाद के निर्माण और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले रंग समेत अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त उर्वरकों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट से उर्वरकों की गुणवत्ता और उनकी वास्तविक प्रकृति का पता चलेगा।

थाने में प्राथमिकी दर्ज,कारोबारियों पर होगी कानूनी कार्रवाई

इस मामले में संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। जिला प्रशासन मामले की गहन जांच कर रहा है। अवैध उर्वरक निर्माण और भंडारण में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जिला कृषि पदाधिकारी ने कार्रवाई में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, बलिया बिपिन कुमार एवं साहेबपुर कमाल की पूरी कृषि टीम की सराहना करते हुए विशेष धन्यवाद दिया है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने और नकली खाद के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए कृषि विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *