Home / Bihar / बेगूसराय में दो दिवसीय भूकंप मॉक ड्रिल,राहत-बचाव तैयारियों का हुआ व्यापक परीक्षण

बेगूसराय में दो दिवसीय भूकंप मॉक ड्रिल,राहत-बचाव तैयारियों का हुआ व्यापक परीक्षण

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा भूकंप जैसी संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने की तैयारियों का आकलन करने हेतु दो दिवसीय टेबल टॉप एक्सरसाइज (TTEX) एवं पूर्ण पैमाने पर मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर वास्तविक परिस्थिति का अनुकरण करते हुए व्यापक फिजिकल मॉक ड्रिल की गई।जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास के अंतर्गत सदर अस्पताल बेगूसराय, अनुमंडल परिसर बेगूसराय सदर, बी.पी. इंटर स्कूल, Reliance Smart Bazaar (बेगूसराय शाखा) तथा आईओसीएल बरौनी रिफाइनरी में भूकंप एवं आगजनी की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न कर राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया गया।सूचना मिलते ही समाहरणालय स्थित डिस्ट्रिक्ट इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम से अलर्ट जारी किया गया, जिसके बाद संबंधित विभागों एवं स्टेक होल्डर्स ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। मौके पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल एवं राज्य आपदा मोचन बल की टीमें अत्याधुनिक उपकरणों के साथ घटनास्थलों पर पहुंचीं। टीमों ने मलबे में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की संपूर्ण प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।अग्निशमन विभाग ने आगजनी की काल्पनिक घटना पर प्रभावी नियंत्रण का अभ्यास किया, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने ट्रायेज प्रणाली के तहत घायलों का वर्गीकरण कर त्वरित चिकित्सा सुविधा प्रदान की। आपदा मित्र, गृहरक्षक एवं NCC कैडेट्स ने भी भीड़ नियंत्रण एवं राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित आश्रय प्रदान करने के उद्देश्य से गांधी स्टेडियम, बेगूसराय को मुख्य राहत शिविर एवं आश्रय स्थल के रूप में चिन्हित किया गया। वहीं कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना कर संपूर्ण राहत एवं बचाव गतिविधियों की लाइव मॉनिटरिंग की गई। कार्यक्रम की निगरानी राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध ऑनलाइन लिंक के माध्यम से भी की गई।जिला प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आमजन को जागरूक करना है, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि ऐसे आयोजनों को मात्र अभ्यास के रूप में लें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *